‘अलका नांगिया अरोड़ा’ बनी देश की नई रक्षा लेखा महानियंत्रक (CGDA)
2026-08-03 : हाल ही में, 1991 बैच की आईडीएएस अधिकारी ‘अलका नांगिया अरोड़ा’ को भारत की नई रक्षा लेखा महानियंत्रक (CGDA) नियुक्त किया गया है। इसी के साथ ही वह 30+ वर्षों से अधिक के प्रशासनिक और रक्षा वित्तीय प्रबंधन के अनुभव के साथ देश के रक्षा लेखा तंत्र की सर्वोच्च अधिकारी बन गई हैं। इन्होने अपने करियर की शुरुआत कोलकाता स्थित दमदम ऑर्डनेंस फैक्ट्री में रक्षा मंत्रालय के साथ की थी। इसके बाद उन्होंने रक्षा लेखा विभाग में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम करते हुए सेना, नौसेना और वायुसेना तीनों सशस्त्र बलों के वित्तीय प्रबंधन का व्यापक अनुभव हासिल किया।
अलका ने गढ़वाल विश्वविद्यालय, देहरादून से उच्च शिक्षा प्राप्त की और आईआईटी रुड़की की पूर्व छात्रा हैं। उन्होंने अपने प्रशासनिक और नेतृत्व कौशल को और मजबूत करने के लिए आईआईएम बेंगलुरु तथा आईएसबी मोहाली जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से भी उन्नत प्रशिक्षण हासिल किया है।
रक्षा लेखा महानियंत्रक के बारें में-
यह पद रक्षा मंत्रालय के लिए आंतरिक लेखा परीक्षक (इंटरनल ऑडिटर) और वित्तीय प्रतिनिधि के रूप में कार्य करता है। रक्षा लेखा विभाग के प्रमुख कार्य भारतीय सशस्त्र बलों (जिनमें तीनो सेनाएं शामिल हैं) से संबंधित सभी प्रकार के भुगतानों पर निगरानी करना, खातों का लेखा जोखा रखना और जांच करना है।